खाद्य सुरक्षा की अनदेखी पर दून क्लब के रेस्टोरेंट को नोटिस, स्वास्थ्य को खतरा

Published: 14 Oct 2026, 01:41 PM
Category: राज्य   |   By: Saluja Express

देहरादून। दून क्लब के हांडी रेस्टोरेंट में खाद्य सुरक्षा मानकों की गंभीर अनदेखी सामने आने के बाद रेस्टोरेंट को बंद कर दिया गया है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन की संयुक्त टीम ने मंगलवार को रेस्टोरेंट का औचक निरीक्षण किया, जिसमें कई चौंकाने वाली अनियमितताएं पाई गईं, जो ग्राहकों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकती हैं।

निरीक्षण के दौरान रसोई और स्टोर रूम में कॉकरोच और चूहों की भारी मौजूदगी मिली। फ्रीजर में सड़ी-गली सब्जियां जैसे फूलगोभी, मूली, शिमला मिर्च, पत्तागोभी और आलू पाए गए। इसके अलावा, दो दिन पुराने चावल, दो-तीन दिन पुराना गूंथा आटा और लगभग एक सप्ताह पुरानी मोमोज व चाउमीन की सामग्री भी मिली। खाद्य पदार्थ खुले बर्तनों में रखे थे और चूहों ने मसालों की थैलियों को कुतर रखा था। बर्तन धुलाई क्षेत्र में तीन-चार दिन पुराने जूठे बर्तन और जमा कूड़ा मिला, जबकि नालियां जाम थीं और ड्रेनेज व्यवस्था खराब थी।

टीम ने मौके पर कर्मचारियों की मेडिकल फिटनेस के अभिलेख, पेस्ट कंट्रोल के प्रमाण और इस्तेमाल किए जा रहे पानी की जांच रिपोर्ट भी नहीं पाई। संयुक्त टीम ने तत्काल प्रभाव से रेस्टोरेंट को बंद करा दिया और संचालक अभय सिंह नेगी को 14 दिन का इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किया। करीब पांच किलोग्राम बासी चावल, 15 किलोग्राम सब्जियां, दो किलोग्राम मोमोज और बासी चिकन करी को नष्ट किया गया। पनीर, दूध और तैयार चिकन करी के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सीमा डुंगराकोटी ने ऐसी अनियमितताओं को चिंताजनक बताया है।

×