Published:
14 Oct 2026, 01:41 PM
Category:
राज्य
|
By: Saluja Express
देहरादून। आम आदमी पार्टी (AAP) के युवा प्रकोष्ठ ने देश में 'वोट की चोरी और संस्थाओं के दुरुपयोग' के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की है। मंगलवार को छह नंबर पुलिया स्थित राज्य निर्वाचन आयोग कार्यालय पर प्रदर्शन के दौरान युवा कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के तत्काल इस्तीफे की मांग की। पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया, लेकिन युवा प्रकोष्ठ ने लड़ाई जारी रखने का संकल्प लिया है।
युवा प्रदेश अध्यक्ष हिमांशु पुंडीर ने कहा कि देश का युवा अब वोट की चोरी और संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग को बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने सवाल उठाया, "जब चुनाव आयोग ही निष्पक्ष नहीं रहेगा तो युवा किस पर भरोसा करेगा?" पुंडीर ने स्पष्ट किया कि पुलिस ने उन्हें आज रोकने की कोशिश की है, लेकिन यह लड़ाई अब हर गली-मोहल्ले तक जाएगी।
पुंडीर ने जोर देकर कहा कि युवा प्रकोष्ठ का हर कार्यकर्ता महानगर अध्यक्ष संजय छेत्री के साथ खड़ा है और ज्ञानेश कुमार को तुरंत इस्तीफा देना होगा। AAP का आरोप है कि चुनाव आयोग सत्ता पक्ष के इशारे पर काम कर रहा है और उसकी निष्पक्षता पर गंभीर सवाल उठाए हैं। युवा प्रकोष्ठ ने चेतावनी दी है कि वे लोकतंत्र की रक्षा के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।
