Published:
14 Oct 2026, 01:41 PM
Category:
राज्य
|
By: Saluja Express
देहरादून। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की टिप्पणियों ने पूर्व सैन्य अधिकारियों को आक्रोशित कर दिया है। पूर्व मेजर जनरल सम्मी सबरवाल ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मामलों में इस तरह की राजनीति से जनता का संस्थाओं पर भरोसा कमजोर हो सकता है, जो देश के लिए शुभ संकेत नहीं है।
सबरवाल ने कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि संवैधानिक पदों पर बैठे लोग हर राजनीतिक आरोप का जवाब नहीं दे सकते। ऐसे में उनके खिलाफ लगातार सवाल उठाकर जनता के बीच भ्रम पैदा करना ठीक नहीं है और यह अंततः देश की संस्थाओं पर लोगों के विश्वास को कम करता है।
उन्होंने जोर देकर कहा कि राजनीति में विरोधियों पर हमला करना एक सामान्य बात है, लेकिन सेना और सुरक्षा एजेंसियों का मनोबल तोड़ने की कोशिश देश के लिए खतरनाक हो सकती है। सबरवाल के अनुसार, राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े पदों पर बैठे लोगों के कामकाज पर सवाल उठाना और उनके खिलाफ ऐसी भाषा का इस्तेमाल करना, जिससे जनता के मन में संदेह पैदा हो, दोनों अलग-अलग बातें हैं और दूसरी वाली स्थिति जनता के भरोसे को कमजोर करती है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दों पर अधिक जिम्मेदारी से काम करने का आह्वान किया।
