अंकिता भंडारी मामले में VVIP भूमिका पर सवाल बरकरार, कांग्रेस का सरकार पर दबाव जारी

Published: 14 Oct 2026, 01:41 PM
Category: राज्य   |   By: Saluja Express

देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीवीआईपी की भूमिका को लेकर उठ रहे सवाल और जांच में देरी के मुद्दे पर उत्तराखण्ड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सरकार पर दबाव बनाए रखा है। मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में गांधी पार्क में आयोजित मौन उपवास एवं सत्याग्रह कार्यक्रम में कांग्रेस ने इस मामले की निष्पक्ष और त्वरित सीबीआई जांच की मांग को फिर से दोहराया।

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि इस जघन्य हत्याकांड में जिस वीवीआईपी की भूमिका को लेकर लगातार सवाल उठाये जाते रहे हैं, उन आरोपों की निष्पक्ष जांच सीबीआई से कराने की घोषणा सरकार द्वारा की गई थी, परन्तु इस मामले में सीबीआई जांच एक कदम भी आगे नहीं बढ़ पाई है। यह स्थिति प्रदेश की जनता के मन में संदेह पैदा कर रही है और न्याय की उम्मीदों को कमजोर कर रही है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने भाजपा नेता दुष्यंत कुमार गौतम को सिक्किम का राज्यपाल बनाये जाने के निर्णय पर भी गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यह कदम जनता के मन में अनेक सवाल खड़े करता है और ऐसा प्रतीत होता है कि सरकार कुछ गंभीर आरोपों से जुड़े व्यक्ति को कानूनी कार्रवाई से बचाने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' का नारा देने वाली सरकार को पहले अपनी बेटियों को न्याय दिलाना सुनिश्चित करना चाहिए।

×