Published:
23 Jun 2026, 06:25 AM
Category:
अपराध
|
By: Admin
ऋषिकेश। मंगलवार सुबह नाईट ड्यूटी से लौट रहे शिवपुरी चैकी प्रभारी विनोद शर्मा का वाहन अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। जिससे उनकी दर्दनाक मौत हो गयी। इस घटना के बाद पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, शिवपुरी चैकी प्रभारी विनोद शर्मा सोमवार रात मुनि की रेती क्षेत्र में अपनी ड्यूटी पर तैनात थे। मंगलवार सुबह ड्यूटी समाप्त होने के बाद वह अपने निजी वाहन से शिवपुरी चैकी की ओर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि रास्ते में अचानक उन्हें नींद की झपकी आ गई, जिसके चलते उनका वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, एसडीआरएफ और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। टीम ने खाई में उतरकर रेस्क्यू अभियान चलाया और वाहन तक पहुंची और विनोद शर्मा को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में शोक की लहर दौड़ गई है। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने दिवंगत अधिकारी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
