Published:
14 Jul 2026, 09:20 AM
Category:
अपराध
|
By: Admin
रुद्रपुर। जनपद के बगवाड़ा क्षेत्र स्थित ग्रीन व्यू कॉलोनी में 31वीं वाहिनी पीएसी के जवान धर्मेंद्र सिंह रावत (36) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इसके बाद पीएसी वाहिनी में भी शोक की लहर फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, धर्मेंद्र सिंह रावत पुत्र लाल सिंह, 31वीं वाहिनी पीएसी में तैनात था और अपने परिवार के साथ बगवाड़ा स्थित ग्रीन व्यू कॉलोनी में रहता था। बीते दिन ड्यूटी समाप्त होने के बाद वह अपने घर लौटा। बताया जा रहा है कि घर पहुंचने पर बिजली आपूर्ति में तकनीकी खराबी थी, इसी दौरान वह समस्या दूर करने के उद्देश्य से बिजली के पोल पर चढ़ गए। करंट लगते ही उसका संतुलन बिगड़ गया और वह पोल से नीचे जमीन पर गिर गया।
गिरने के कारण उनके सिर में गंभीर चोट आई और वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों और परिजनों ने तत्काल उन्हें उपचार के लिए एक निजी अस्पताल पहुंचाया। निजी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन और स्थानीय लोग उन्हें तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। यह खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। वहीं करंट लगने से मौत की वजह अभी जांच का विषय है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी जिला अस्पताल पहुंची। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। धर्मेंद्र सिंह रावत की असामयिक मृत्यु से 31वीं वाहिनी पीएसी के अधिकारियों और जवानों में भी गहरा शोक व्याप्त है। साथ ही जवानों ने उन्हें एक कर्तव्यनिष्ठ और मिलनसार व्यक्ति बताया।
