आकाशीय बिजली गिरने से 500 बकरियों की मौत, पीड़ित भेड़पालकों ने की मुआवजे की मांग

Published: 04 May 2026, 07:24 AM
Category:   |   By: Admin

चमोली। रविवार देर रात जनपद के विकासखंड दशोली के निजमुला घाटी के गौणा-भनाली तोक में  आकाशीय बिजली गिरने से एक दर्जन से अधिक भेड़पालकों की करीब 500 बकरियों की मौत हो गई। अचानक हुए इस हादसे से प्रभावित परिवारों को बड़ा नुकसान हुआ है और पूरे क्षेत्र में मायूसी का माहौल है। भेड़पालकों ने जिला प्रशासन से नुकसान का आकलन कर जल्द मुआवजा देने की मांग की है।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी ने जानकारी देते हुए बताया कि बीती देर रात आकाशीय बिजली गिरने से निजमूला घाटी के भनाली तोक में एक दर्जन से अधिक भेड़पालकों की 500 बकरियों की मृत्यु की सूचना प्राप्त हुई है। उल्लेखनीय है कि भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा 3, 4 और 5 मई 2026 के लिए चमोली जनपद में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस अवधि में ओलावृष्टि, तेज बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई थी। देर रात से जिले में मौसम खराब बना हुआ है और हल्की बारिश भी जारी है, जिसके बीच यह हादसा हुआ. भेड़पालकों ने जिला प्रशासन से नुकसान का आकलन कर शीघ्र मुआवजा देने की मांग की है।
बता दें कि, चमोली जनपद में निजमुला घाटी भेड़ पालन का सबसे बड़ा क्षेत्र है, यहां ग्रामीणों का यह मुख्य आजीविका का साधन है।

×