सड़क हादसे में मजदूर की मौत

Published: 24 Jun 2026, 10:51 AM
Category: अपराध   |   By: Admin

रुद्रपुर। देर रात बहनोई के घर से लौटते समय उसका ऑटो वाहन रिंग रोड स्थित बाघवाला रोड पर डिवाइडर से टकरा गय। इस हादसे में गंभीर रूप से घायल मजदूर को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, उधम सिंह नगर जिले के दिनेशपुर क्षेत्र में  रंजीत विश्वास देर रात अपने बहनोई के घर दिनेशपुर से वापस लौट रहा था। वो ऑटो वाहन से अपने घर की ओर जा रहा था। इसी दौरान रात करीब 2 बजे रिंग रोड स्थित बागवाला रोड पर उनका वाहन अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और रंजीत गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी। एंबुलेंस की सहायता से घायल रंजीत विश्वास को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
 वहीं, गांव के बीडीसी सदस्य ने बताया कि रंजीत विश्वास मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी और तीन बच्चे हैं. इनमें एक बेटे की उम्र करीब 15 वर्ष, दूसरे की 12 वर्ष और तीसरे बच्चे की उम्र करीब 9 वर्ष बताई जा रही है।
 एसएसआई अनिल मेहता ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। उन्होंने कहा कि परिजनों की ओर से दी जाने वाली तहरीर के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

×